शहर में 12 जगहों पर कूड़ा निस्तारण के लिए लगेंगे सीसीटीवी
देहरादून : देहरादून को डस्टबिन फ्री बनाने के लिए नगर निगम लगातार कड़े प्रयास किए जा रहा है लेकिन अभी भी कुछ स्थान ऐसे हैं जहां पर स्थानीय लोगों द्वारा कूड़ा फेंकना देखा गया है जिसे लेकर अब नगर निगम उन स्थानों पर सी.सी.टी.वी कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है। इस बात को लेकर देहरादून के नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि हमने इसी वर्ष देहरादून में 100 से अधिक स्थानों से डस्टबिन हटाए थे ताकि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डाला जाए लेकिन अभी भी कुछ जगहों पर कूड़ा डाला जा रहा है जिससे आस पास के लोगों को स्वास्थ्य संबंधित शिकायतें देखने को मिल सकती है। साथ ही उन्होंने कहा कि हमने अभी 12 ऐसी जगहें चयनित की हैं जहां पर लोगों का बार बार कूड़ा डालना पाया गया है और वहां पर सी.सी.टी.वी कैमरे लगाने का काम किया जा रहा है जिसे अगले 2 से 3 दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
