सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश पर सियासत तेज
देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि सभी सड़कें 15 अक्टूबर तक गड्ढ़ा मुक्त की जाएं। राज्य में हुई अतिवृष्टि से प्रभावित सभी क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किये जाने के भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं ।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद कांग्रेस सरकार पर हमलावर हो गई है । कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना को कई दिनों से देहरादून में घूम घूम के गड्ढों के दर्शन करा रहे हैं और उसी दबाव में मुख्यमंत्री ने ये आदेश दिया है । उन्होंने कहा कि ऐसी जरूरत क्यों पड़ी कि कांग्रेस गड्ढे दिखाएगी तभी आदेश दिया जाएगा । उससे पहले आपके विभाग नहीं है जो सूचना दे की इतने गड्ढे हो रहे हैं । माहरा ने कहा कि राजधानी में स्मार्ट सिटी के नाम से बहुत ज्यादा पैसा आया हुआ है उसके बावजूद भी गड्ढे नहीं भरे जा रहे तो फिर उन सड़कों का क्या हाल होगा जहां के लिए बजट ही नहीं है ।
वहीं दूसरी ओर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने करन माहरा को जवाब दिया है ।मंत्री ने करण माहरा के बयान पर चुटकी लेते हुए कहा की आज सारे काम कांग्रेस के लोगों से कहने के बाद होते हैं , अगर कांग्रेस न होती तो विकास न होता । उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर विकास की बात करती तो आज सत्ता में होती । कांग्रेस के लोग सिर्फ दिखावा करते हैं । उन्होंने कहा कि एक ट्रेंड बन गया था जहां एक के बाद एक हर बार अलग पार्टी सत्ता में आती थी लेकिन हमने ये मिथक तोड़ा ये सिर्फ इसीलिए हुआ कि जनता हमपर भरोसा कर रही है और कांग्रेस अगर इस गलत फहमी में जी रही है कि उनके बाद हम काम कर रहे हैं तो ये उनको मुबारक है ।
