जनता के बीच जाकर तैयार होगा UKD का ‘Vision 2027’ – संजय चौधरी
देहरादून: उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के नेता संजय चौधरी ने कहा कि पार्टी का ‘Vision 2027’ केवल चुनावी दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की राय और सुझावों पर आधारित अभियान होगा। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों से जनसंवाद कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
बालावाला में नए कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संजय चौधरी ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों की समस्याओं को सुनेगा। जनसंवाद के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, किसानों, व्यापारियों और विभिन्न वर्गों के सुझाव लेकर उन्हें पार्टी के विजन में शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के मूल मुद्दों को लेकर UKD लगातार आवाज उठाता रहा है और अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ जनता के बीच सक्रिय अभियान चलाया जाएगा। उनका कहना था कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी एक मजबूत और जनहित आधारित विकल्प के रूप में सामने आने का प्रयास करेगी।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड क्रान्ति दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान नए कार्यालय का उद्घाटन भी किया गया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
