मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति पर धोखाधड़ी, उत्पीड़न और जान से मारने की साजिश रचने का लगाया आरोप

देहरादून : देहरादून के कैंट थाने में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति के खिलाफ धोखाधड़ी, घरेलू उत्पीड़न, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर पहली शादी की बात छिपाकर विवाह करने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी पति उसके साथ गाली-गलौज करता था और उसे जान से मारने की धमकी भी देता था। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने अपनी पहली शादी की बात छिपाकर उससे विवाह किया। महिला का आरोप है कि पति के कथित अवैध संबंधों का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट और अभद्रता की गई। इतना ही नहीं, पीड़िता ने सरकारी आवास में स्टाफ के सामने जातिसूचक अपशब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का आरोप भी लगाया है। मामले में धोखाधड़ी और कूटरचना से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसके कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए उसे कंपनी के निदेशक पद से हटाया हुआ दर्शाया गया। वहीं, महिला ने हाल ही में सामने आए एक ऑडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि इसमें आरोपी एक महिला से बातचीत के दौरान उसे जान से मारने की साजिश रचने की बात कर रहा है।फिलहाल, पीड़िता ने कैंट थाने में शिकायत देकर अपने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस की जांच में अब इन गंभीर आरोपों की सच्चाई सामने आ सकेगी। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

