Social menu is not set. You need to create menu and assign it to Social Menu on Menu Settings.

November 14, 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित किया रात्रिभोज

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के पश्चात शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके साथ संवाद किया और उत्तराखण्ड की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी केवल प्रदेश से बाहर रहकर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने वाले लोग ही नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और पहचान के सशक्त संवाहक भी हैं। वे जहां भी रहते हैं, अपनी मातृभूमि की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और जीवन मूल्यों को अपने साथ लेकर चलते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों के साथ इस प्रकार का आत्मीय मिलन राज्य और प्रवासी समाज के बीच भावनात्मक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और आध्यात्मिक चेतना से है। राज्य से बाहर रहने वाली नई पीढ़ी को भी अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और परंपराओं से परिचित कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में प्रवासी उत्तराखण्डियों की प्रतिभा, अनुभव, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदार बनें और अपने ज्ञान एवं अनुभव का लाभ राज्य के युवाओं, उद्यमियों तथा स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने पैतृक गांवों से जुड़े रहना और उनके विकास में योगदान देना अपनी मातृभूमि के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अपने गांवों को गोद लेकर वहां विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय आजीविका के अवसरों को बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रवासी समाज और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के पारंपरिक लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देवभूमि की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। विशेष रूप से मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता तथा उत्तराखण्ड की विशिष्ट परंपरा से जुड़े नंदा राजजात पर आधारित कार्यक्रम ने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया। इस प्रस्तुति के माध्यम से उत्तराखण्ड की आस्था, लोकविश्वास, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का सुंदर चित्रण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। नंदा राजजात जैसी परंपराएं हमारी आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव का भी प्रतीक हैं। ऐसे आयोजनों से हमारी लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।मुख्यमंत्री ने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रवासी उत्तराखण्डी अपने प्रदेश के साथ इसी प्रकार आत्मीय जुड़ाव बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते रहेंगे।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव  सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी  चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन , प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक  दीपम सेठ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

 

You may have missed

Copyright2024©Vidhan news network, Designed By MTC, 9084358715.All rights reserved. | Newsphere by AF themes.