अनिश्चित काल के लिए स्थगित हुआ विधानसभा सत्र
गैरसैंण : गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित हो रहे उत्तराखंड विधानसभा का सत्र दो दिन पूरा भी नहीं चल पाया और विपक्ष के हंगामे के चलते सत्र अनिश्चितकाल के लिए समाप्त कर दिया गया. इन दो दिन के सत्र में सरकार ने 4844.18 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट के साथ 10 विधेयकों को सदन में रखा और उन्हें पारित भी कराया. वहीं प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने सदन में और सदन के बाहर सरकार को लगातार घेरने की कोशिश की. आज भी सदन में चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक बेल पर पहुंच गये और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को काले झंडे दिखाने लगे, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सत्र को अनिश्चितकाल के लिए समाप्त कर दिया. सत्र समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उनका मन था कि आज इस सरकार का आखिरी सत्र था तो सत्र समाप्ति पर सत्ता और विपक्षी दल के विधायकों का धन्यवाद देते लेकिन ऐसा हो नहीं सका. साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में आजकल अराजकता फैलाना ट्रेंड बन गया है, कांग्रेस बस यह चाह रही है कि कैसे भी हो उन्हें सत्ता हासिल हो जाए.
